शराब से नहीं बन पा रही दूरी, लेकिन इन 5 टिप्स से सेहत बची रहेगी! Cancer Specialist ने क्या-क्या बताया
अगर आप शराब से दूरी नहीं बना पाते हैं, तो कुछ आसान टिप्स से इसके बुरे असर को कम कर सकते हैं. खाली पेट शराब पीने और स्मोकिंग के साथ ड्रिंक करना अल्कोहल के इफेक्ट को ज्यादा बढ़ा देता है.
शराब से होने वाले नुकसान को कम कैसे करें
आज के लाइफस्टाइल में पार्टी और सोशल गैदरिंग्स में शराब का चलन काफी आम हो गया है. भले ही एक्सपर्ट्स इसे पूरी तरह छोड़ने की सलाह देते हैं, लेकिन अगर आप इसे पूरी तरह बंद नहीं कर पा रहे हैं, तो कुछ सावधानियां अपनाकर इसके नुकसान को कम जरूर कर सकते हैं. गुरुग्राम की कैंसर विशेषज्ञ Dr Vartika Vishwani ने ऐसे ही कुछ जरूरी टिप्स बताए हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है.
डॉक्टर के मुताबिक, लोग अक्सर बिना सोचे-समझे ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जैसे ज्यादा मात्रा में पीना, खाली पेट शराब लेना या स्मोकिंग के साथ ड्रिंक करना. अगर इन आदतों पर थोड़ा कंट्रोल रखा जाए, तो शराब से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
ज्यादा मात्रा में शराब पीने से बचें
डॉक्टर के अनुसार, सबसे बड़ी गलती है कम समय में बहुत ज्यादा शराब पी लेना, जिसे बिंज ड्रिंकिंग कहा जाता है. इससे शरीर में एक खतरनाक तत्व बनता है, जो लिवर को नुकसान पहुंचाता है और हैंगओवर को भी बढ़ाता है. इसके कारण सिरदर्द, उल्टी, चक्कर और तेज धड़कन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए ज्यादा मात्रा में शराब नहीं पीनी चाहिए. क्वांटिटी हमेशा ही कम रखें.
खाली पेट शराब क्यों नहीं पीना चाहिए?
अगर आप भी खाली पेट अल्कोहल पीते हैं, तो यह आदत आपके लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकती है. दरअसल खाली पेट शराब पीने से शरीर उसे तेजी से अब्जॉर्ब करता है, जिससे नुकसान कई गुना बढ़ जाता है. इससे लिवर पर ज्यादा दबाव पड़ता है और शरीर जल्दी खराब महसूस करता है. इसलिए हमेशा कुछ खाने के बाद ही अल्कोहल पीएं.
अलग-अलग ड्रिंक्स को मिक्स न करें
कई लोग अलग-अलग तरह की शराब को मिलाकर पीते हैं, जिससे उन्हें लगता है कि मजा बढ़ेगा. लेकिन ऐसा करने से शरीर में शराब की मात्रा बढ़ जाती है और अगले दिन हैंगओवर ज्यादा होता है.
शराब के साथ स्मोकिंग बिल्कुल न करें
शराब के साथ सिगरेट या वेपिंग करना सेहत के लिए और ज्यादा खतरनाक हो सकता है. डॉ वर्तिका विश्वानी के मुताबिक, जब शराब और स्मोकिंग साथ में होती है, तो इसका असर कई गुना बढ़ जाता है. इससे शरीर में टॉक्सिन्स की मात्रा तेजी से बढ़ती है और कैंसर का खतरा भी काफी ज्यादा हो जाता है.
वेपिंग भी सुरक्षित नहीं है
कई लोग सोचते हैं कि वेपिंग सिगरेट से कम नुकसानदायक है, लेकिन ऐसा नहीं है. डॉक्टर का कहना है कि वेपिंग भी उतनी ही हानिकारक है और शराब के साथ इसका सेवन करना शरीर के लिए और भी ज्यादा जोखिम भरा हो सकता है. अगर आप शराब से पूरी तरह दूरी नहीं बना पा रहे हैं, तो कम से कम इन जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.




