IPL 2026: 15 साल का बच्चा नहीं, रिकॉर्ड ब्रेकर है वैभव सूर्यवंशी; Mumbai Indians के खिलाफ लगाई झड़ी
वैभव सूर्यवंशी मुंबई इंडियंस के दिग्गज गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे. पहली गेंद पर जसप्रीत बुमराह को दुनिया का कोई भी बल्लेबाज छक्का लगाने की नहीं सोचता लेकिन वैभव ने ये कारनामा भी करके दिखाया.
मुंबई इंडियंस के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी
IPL 2026, Vaibhav Suryavanshi: आईपीएल 2026 में 7 अप्रैल को मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. गुवाहाटी में खेला गया ये मैच बारिश के चलते प्रभावित हुआ, जिसके कारण मैच को 11-11 ओवर का कराया गया. मैच में राजस्थान ने मुंबई इंडियंस को हराकर लगातार तीसरी जीत हासिल की. वहीं इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के सलामी विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी मुंबई इंडियंस के दिग्गज गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे.
पहली गेंद पर जसप्रीत बुमराह को दुनिया का कोई भी बल्लेबाज छक्का लगाने की नहीं सोचता लेकिन वैभव ने ये कारनामा भी करके दिखाया. बुमराह के पहले ही ओवर की पहली ही गेंद पर वैभव ने छक्का लगाकर महफिल लूट ली. हर कोई इस 15 साल के बच्चे का मुरीद हो गया है. इस मैच में वैभव ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए.
वैभव ने कौन-कौन से रिकॉर्ड बनाए?
1.वैभव अब दुनिया की किसी भी टी20 लीग में 18 साल से पहले सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. फिलहाल उनके नाम 335 रन दर्ज हैं ये आकंड़ा लगातार बढ़ता हुआ दिखाई देने वाला है, क्योंकि सूर्यवंशी कमाल की फॉर्म में हैं.
2. 18 साल से कम की उम्र में पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले वैभव इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं. आईपीएल 2025 से अबतक वे पावरप्ले में 28 छक्के लगा चुके हैं.
3. वैभव आईपीएल की पहली 10 पारियों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उनके नाम अब 35 छक्के दर्ज हो गए हैं, ये आंकड़ा भी आपकों लगातार बढ़ता हुआ दिखाई देगा.
4. सबसे कम पारियों में जसप्रीत बुमराह की पहली 3 गेंदों पर 2 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी वैभव ने अपने नाम किया है. वैभव का पहली बार जसप्रीत बुमराह से सामना हुआ.
कितने रन पर सिमटी वैभव की पारी?
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 11 ओवर में 3 विकेट खोकर 150 रन बनाए थे. राजस्थान की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी जायसवाल ने 32 गेंदों पर 77 रनों की नाबाद पारी खेली थी. जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने महज 14 गेंदों पर 39 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी. जिसमें 5 छक्के और 1 चौका शामिल था.




