18, 2 और 4- तीन मैच में महज 24 रन, क्या इसलिए KKR ने Cameroon Green को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा?
KKR ने मिनी ऑक्शन में Cameron Green को 25.20 करोड़ में खरीदा था, लेकिन IPL 2026 में अब तक वे फ्लॉप साबित हुए. तीन मैचों में ग्रीन ने सिर्फ 24 रन बनाए और गेंदबाजी भी नहीं की, जिससे उन्हें प्लेइंग 11 में शामिल करने पर भी सवाल उठने लगे हैं.
आईपीएल 2026 में कैमरन ग्रीन के प्रदर्शन पर उठ रहे सवाल
Cameron Green Performance in IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने जब 16 दिसंबर 2025 को अबू धाबी में हुए मिनी ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये की भारी भरकम राशि की बोली लेकर खरीदा तो वे इंडियन प्रीमियर लीग के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए. केकेआर को उम्मीद थी कि यह खिलाड़ी टीम के लिए एक्स फैक्टर साबित होगा, लेकिन यह सारी उम्मीदें फिलहाल ध्वस्त होती दिखाई दे रही है.
कैमरन ग्रीन ने आईपीएल 2026 के शुरुआती तीन मैचों में 18, 2 और 4 रन बनाए. इसके अलावा, वे बॉलिंग भी नहीं कर रहे हैं. इससे केकेआर का उन्हें खरीदने का दांव उलटा पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है. सवाल यह भी उठने शुरू हो गए हैं कि क्या ग्रीन की जगह प्लेइंग 11 में बनती हैं.
IPL 2026 में कैमरन ग्रीन का प्रदर्शन
- 18 (10) vs MI
- 2 (2) vs SRH
- 4 (2) vs PBKS
IPL 2026 में कैसे आउट हुए कैमरन ग्रीन ?
पहले मैच में मुंबई के खिलाफ कैमरन ग्रीन को शार्दुल ठाकुर ने शेरफेन रदरफोर्ड के हाथों कैच आउट कराया. इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वे रन आउट हो गए. अंगकृष रघुवंशी के साथ तालमेल बिठाने में उन्हें दिक्कत हुई, इसके बाद पंजाब किंग्स के खिलाफ वे जेवियर बार्टलेट की गेंद पर लंबा शॉट खेलने की कोशिश में विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह को कैच थमा बैठे.
क्या ग्रीन की प्लेइंग 11 में जगह बनती है?
ग्रीन के केकेआर के प्लैइंग 11 में शामिल होने पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. उनकी जगह रचिन रविंद्र या टिम साइफर्ट को शामिल करने का मांग की जा रही है. ऐसा भी कहा जा रहा है कि टिम साइफर्ट या सुनील नरेन को फिन एलन के साथ ओपनिंग करनी चाहिए.
क्या रहा मैच का नतीजा?
कोलकाता की टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया. टीम ने 3.4 ओवर में 25 रन बनाए थे कि तभी बारिश आ गई, जिससे खेल दोबारा शुरू नहीं हो पाया. मैच रद्द होने से दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा. पंजाब की टीम जहां प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है, वहीं कोलकाता आठवें नंबर पर पहुंच गई है.
बारिश के कारण जब मैच रोका गया, उस समय कप्तान अजिंक्य रहाणे 8 और अंगकृष रघुवंशी 7 रन बनाकर खेल रहे थे. फिन एलन 7 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हुए. पंजाब की ओर से बार्टलेट 1.4 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह ने 2 ओवर में 16 रन दिए.




